कोतवाली सेक्टर 24 में गिरफ्तार आरोपी।
नोट दोगुने करने के नाम पर 100 लोगों से ठगी
नोएडा। खुद को एनजीओ संचालक बताकर नोट दोगुना करने के नाम पर असली के बदले कागज की गड्डी थमाने वाले दो ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से इस तरह 100 से अधिक लोगों को ठगा है। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने इनके पास से 60 गड्डियां बरामद की हैं। इनमें ऊपर-नीचे दो-दो हजार के असली नोट और उसके अंदर कागज के नकली नोट लगे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि 60 गड्डियों में 1.20 करोड़ के असली नोट के आकार के कागज थे।
पुलिस के मुताबिक, खोड़ा कॉलोनी निवासी गुड्डू खान ने कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस से शिकायत की थी कि एक युवक मोबाइल पर फोन कर रकम दोगुना करने की बात कह रहा है। आरोपी खुद को एनजीओ संचालक बताकर कह रहा था कि उसके पास एनजीओ से पैसे आते हैं। पुलिस ने गुड्डू के माध्यम से दोनों आरोपियों को नोएडा बुलाया। उसने आरोपियों से कहा कि उसे साढ़े तीन करोड़ रुपये दोगुना कराने है। सोमवार शाम को दोनों आरोपी नोएडा स्टेडियम पहुंचे। वहां से दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंडावली, दिल्ली निवासी राहुल और खालिद के रूप में हुई। इनके पास से दो बैग मिले। इनमें 60 नोटों की गड्डियां थी। एक बैग में 40 लाख और दूसरे में 80 लाख के असली नोट के आकार के कागज थे। सभी गड्डियों के ऊपर और नीचे की तरफ दो हजार रुपये के असली नोट लगे थे।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये लोग एनजीओ संचालक बताकर लोगों को फंसाते थे। अज्ञात लोगों को फोन मिलाते थे और बताते थे कि सरकार की तरफ से उनके एनजीओ को काफी पैसे मिलते हैं। इस कारण टैक्स बचाने के चक्कर में नोट दोगुना करने का काम करते हैं, ताकि इस पैसे से किसी दूसरे का भला हो जाए। ऐसे में कई लोग इनके जाल में फंस जाते थे।