दिल्ली सरकार ने वयोश्री योजना के तहत बांटे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
वयोश्री योजना के तहत दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को करीब 100 बुजुर्गों और दिव्यांगों को उपकरण बांटे गए। इस दौरान व्हीलचेयर, वॉकर, व्हील बेयर कमोड, कान की मशीन, चश्मा, सिलिकॉन फोम तकिया, स्पाइनल सपोर्ट बेल्ट, सर्वाइकल कॉलर व अन्य जरूरी मेडिकल किट पाकर सभी के चेहरे खिल गए।
मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने बवाना में नांगल ठाकरान पंचायत भवन में उपकरण उपलब्ध कराए। मंत्री ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के अंत्योदय के संकल्प से प्रेरणा लेकर उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर जरूरतमंद लोगों को उपकरण दिए। सभी सामान अच्छी गुणवत्ता के हैं, इसलिए टिकाऊ रहेंगे। वयोश्री योजना के तहत इसके लिए करीब आठ लाख रुपये खर्च किए गए हैं। किसी भी पात्र बुजुर्ग को यदि पेंशन नहीं मिल रही तो वह आवेदन कर सकते हैं। सहायक उपकरण की जरूरत है तो सूचित कर सकते हैं। सेवा पखवाड़े में तय किया गया है कि दिल्ली में 50 हजार बुजुर्गों को पेंशन देने के लिए जोड़ा जाएगा। पश्चिम विहार में सावित्री बाई फुले ओल्ड एज होम बनाया गया है। इसमें 96 बुजुर्ग रहेंगे।