शुभ-लाभ की खबर में--शहर के स्टेशन रोड स्थित श्री तिरुपति बालाजी ज्वेलर्स पर खरीदारी करते ग्राहक
गाजीपुर। धनतेरस के दूसरे दिन रविवार को बाजार में जमकर खरीदारी हुई। दूसरे दिन जिले में लगभग 100 करोड़ रुपये का कारोबार विभिन्न सेक्टर में होने का अनुमान है। भीड़ के चलते शहर के बाजार में रौनक देखने लायक थी। मिश्रबाजार, लालदरवाजा, वंशीबाजार, स्टेशन रोड, गांधी पथ, चीतनाथ, महुआबाग सहित सभी बाजारों में धनतेरस की खरीदारी को लेकर दुकानों पर ग्राहकों का रेला उमड़ा रहा। इस वर्ष भी कार व बाइक के साथ-साथ बर्तन, सराफा, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्राॅनिक्स सामान पर दुकानदारों ने एक से बढ़ कर एक उपहार की घोषणा कर ग्राहकों को लुभाया। इसका परिणाम धनतेरस के दोनों दिन देखने को मिला। दो पहिया व चार चक्का तक सभी कंपनी के शोरूम में अच्छी बिक्री हुईं। सराफा व्यापारी नेता संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि धनतेरस के दूसरे दिन रविवार को भी बाजार में रौनक के कारण जमकर धन बरसा हुई और सुबह से देर रात तक बाजार गुलजार रहा। इस दौरान करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। धनतेरस के दूसरे दिन आटोमोबाइल्स, फर्नीचर, जेवरात, बर्तन की जमकर खरीदी लोगों ने की। महिलाएं जहां ज्वेलरी और रसोई के जरूरी बर्तनों, पूजा के सामानों की खरीदारी में लगी रहीं। वहीं पुरुष वर्ग इलेक्ट्रानिक्स सामान, दोपहिया, चारपहिया वाहनों की खरीदारी में लगे रहे। धनतेरस पर ज्वेलरी दुकानों में अन्य वर्षों की तुलना में व्यवसाय बेहतर रहा। सोने, चांदी के सिक्कों के साथ देवी-देवताओं की मूर्तियां व अन्य आभूषणों की जमकर खरीदारी हुई।
देर रात तक लोग खरीदारी करते नजर आए। शहर की प्रतिष्ठित ज्वेलरी दुकानों में लोगों की काफी भीड़ रही। इस वर्ष सर्राफा बाजार में लगभग 30 करोड़ का कारोबार हुआ।