- 19 मानकों पर हुई जांच, 99 प्रतिशत सुविधाओं के साथ खरे उतरे स्कूल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले के परिषदीय स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति में सुधार हुआ है। बेसिक शिक्षा विभाग की जांच में स्कूलों में पेयजल, हाथ धोने के लिए यूनिट, ब्लैक बोर्ड और स्कूलों की वॉशिंग (रंगाई-पुताई) जैसी सुविधाएं 100 प्रतिशत उपलब्ध मिली हैं। इसके अलावा शौचालयों में पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित पाई गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से परिषदीय स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर 19 अलग-अलग मानकों पर जांच कराई गई थी। इसमें स्कूल भवन, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, शिक्षण सुविधाओं समेत अन्य व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले के स्कूलों में करीब 99 प्रतिशत सुविधाएं उपलब्ध मिली हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि स्कूलों में बच्चों को बेहतर माहौल देने के लिए लगातार सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। जांच में कई महत्वपूर्ण सुविधाएं सभी स्कूलों में उपलब्ध मिली हैं। उन्होंने बताया कि पेयजल, हाथ धोने की यूनिट, ब्लैक बोर्ड और स्कूलों की रंगाई-पुताई के मानकों में 100 प्रतिशत उपलब्धता है।