नोएडा। सेक्टर-93 निवासी 10 वर्षीय ईजा बासु स्केटबोर्डिंग में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। पिछले दो वर्षों से इस खेल में अभ्यास कर रहीं ईजा अब तक प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उनकी मां सुष्मिता बासु ने बताया कि छह साल की उम्र में एक स्वीमिंग पूल हादसे में सिर पर चोट लगने के बाद उन्होंने जिमनास्टिक छोड़ दिया था। इलाज पूरा होने के बाद स्केटबोर्डिंग खिलाड़ी अरुण ने उन्हें इस खेल से जुड़ने की प्रेरणा दी। शुरू में उम्मीद नहीं थी कि वह इस खेल में आगे बढ़ेगी, लेकिन थोड़े ही समय में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया। उसके पिता दीपांकर बासु खुद भी एथलीट रह चुके हैं। ईजा कहती हैं कि उन्हें रिस्क लेना पसंद है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन करना चाहती हैं। कोच पारुल वर्मा ने बताया कि ईजा अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उम्मीद है कि वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारत के लिए गोल्ड लाएंगी।