दौलतपुर चौक (ऊना)। मुबारिकपुर-दौलतपुर-मरवाड़ी मार्ग पर बने 10 पुलों को लोक निर्माण विभाग नया स्वरूप देकर डबललेन करेगा। इनके पुनर्निर्माण पर 64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने इनकी डीपीआर तैयार कर इंटर स्टेट कनेक्टिविटी के तहत केंद्र सरकार को भेज दी है। वर्तमान में मुबारिकपुर-दौलतपुर-मरवाड़ी मार्ग 10 मीटर चौड़ा है जबकि पुल छह फीट के हैं। इससे दो गाड़ियों के एक समय में पुल क्रॉस करने में समस्या आती है और दुर्घटना का डर बना रहता है। विभाग ने इन्हें चिह्नित कर लिया है। 16 किलोमीटर इस मार्ग पर वाहन चालकों को आ रही समस्या के चलते विभाग ने सर्वे टीम को डीपीआर बनाने के लिए सुझाव दिए थे। अगर परियोजना सिरे चढ़ती है तो गगरेट के विकास के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। हालांकि विभाग ने कुछ वर्ष पूर्व मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर 22 करोड़ खर्च किए थे लेकिन तब पुलों को नहीं सुधारा गया था।
पुलों व सड़क की उखड़ी टारिंग
मौजूदा समय में मुबारिकपुर-दौलतपुर-मरवाड़ी सड़क पर पुलों की हालत खराब है। मार्ग पर डाली गई टारिंग उखड़ गई है। इससे वाहन चालकों को परेशानी आ रही है। स्थानीय लोगो ने जल्द पुलों पर पड़े गड्ढों को भरने की मांग की है।
मुबारिकपुर-दौलतपुर-मरवाड़ी सड़क पर 10 पुलों के निर्माण के लिए 64 करोड़ की डीपीआर केंद्र सरकार को इंटर स्टेट कनेक्टिविटी तहत भेजी गई है। इसमें इन पुलों का नए सिरे से निर्माण कर डबललेन किया जाएगा। टारिंग का कार्य भी जल्द करवाया जाएगा।
-एचजी कौशल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग दौलतपुर चौक