निवेश के नाम पर 10.28 करोड़ की धोखाधड़ी
नोएडा। बिल्डर प्रोजेक्ट में निवेश कराने के नाम पर एक शख्स से 10.28 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शुभकामना बिल्डटेक के प्रोजेक्ट में निवेश करने पर प्रतिमाह धनराशि देने का झांसा दिया गया था। अब कोर्ट के आदेश पर शुभकामना बिल्डटेक के डायरेक्टर समेत तीन लोगों पर कोतवाली सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-51 निवासी डॉ. राजीव रंजन के पास जनवरी 2012 में उनके मित्र पीयूष तिवारी आए थे। पीयूष ने बताया कि उसने शुभकामना बिल्डटेक में डायरेक्टर के रूप में ज्वाइन किया है। नया प्रोजेक्ट शुरू होने वाला है। इसमें निवेश करने से लाभ होगा। अक्तूबर 2012 में पीयूष तिवारी ने डॉ. राजीव रंजन को लाजपत नगर दिल्ली निवासी शरद सूरी से मिलवाया। बताया गया कि शरद सूरी ब्रांडेड चुनचुन स्टोर के मालिक हैं और नोएडा, दिल्ली समेत कई शहरों में इनके शोरूम हैं। शरद सूरी और पीयूष तिवारी ने निवेश कराने के लिए राजीव रंजन को विश्वास में ले लिया। दिसंबर 2012 से लेकर सितंबर 2013 के बीच राजीव रंजन ने 10 करोड़ 28 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके एवज में ग्रेटर नोएडा केप्रोजेक्ट में 20 फ्लैट इनके नाम आवंटित करने थे। आरोप है कि फर्जीवाड़ा कर वह फ्लैट किसी दूसरे को आवंटित कर दिए। शक होने पर राजीव ने रुपये वापस मांगे तो उन्हें बहकाया जाने लगा। 2019 में पीयूष ने शुभकामना बिल्डटेक की तरफ से 4 करोड़ का चेक दिया, जो बाउंस हो गया। पीड़ित ने रुपये मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। कोतवाली सेक्टर-49 के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा का कहना है कि पीयूष तिवारी, शरद सूरी व शिखा तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।