नूंह। नूंह सीआईए पुलिस-2 टीम ने इनामी बदमाश शौकत और राहुल निवासी गांव शिकारपुर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बदमाशों को पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश शौकत के पैर में गोली लगी। वहीं राहुल को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे भोंडसी जेल भेज दिया गया।
घायल बदमाश को इलाज के लिए मांडीखेडा के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। नूंह सीआईए-2 के प्रभारी इंस्पेक्टर विपिन कुमार को सूचना मिली कि यह दोनों बदमाश घासेड़ा गांव के पास ड्रेन मार्ग से चोरी की बाइक पर नूंह-पलवल मार्ग से जा रहे हैं। सूचना मिलने पर टीम ने ड्रेन पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद दोनों बदमाश नाके पर पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उनको रुकने का इशारा किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस पर फायर कर दिया।
इसके बाद पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान शौकत के पैर में गोली लगी, उस पर हरियाणा पुलिस ने इनाम घोषित किया है। उसके पास से पुलिस ने कट्टा और दो खाली खोल भी बरामद किए। वहीं दूसरे बदमाश राहुल के कब्जे से एक कट्टा और एक रौंद बरामद किया। घायल बदमाश शौकत के पैर में गोली लगने से उसे इलाज के लिए मांडीखेड़ा के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने कहा कि यह दोनों बदमाश नूंह जिले के थानों में वांछित अपराधी है। वहीं बदमाश शौकत पर दिल्ली, फरीदाबाद, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड व अन्य राज्यों में भी एटीएम काटने के मुकदमे दर्ज हैं।