नूंह। केएमपी मार्ग पर रेवासन गांव के पास शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही रोजका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नूंह सीएससी में भिजवाया। साथ ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नूंह के रेवासन गांव के पास केएमपी मार्ग पर ट्रक चालक रोड पर लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। इसकी वजह से कैंटर चालक की उससे भिड़ंत हो गई। इसमें हरनामपुर जिला कासगंज उत्तर प्रदेश निवासी कैंटर चालक विकास की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह ने बताया कि यह सड़क हादसा ट्रक चालक की लापरवाही से हुआ है जानकारी के अनुसार ट्रक चालक हाईवे पर अपनी साइड की बजाए पूरे रोड पर लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। इस कारण पीछे से आ रहे कैंटर की ट्रक से भिड़ंत हो गई। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार सुबह युवक के शव को परिजनों को सौंप दिया है। जल्द ही दोषी ट्रक चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।