-अधिकतम तापमान 31.4 और न्यूनतम तापमान 25.9 दर्ज किया गया
-नोएडा का एक्यूआई 72 और ग्रेटर नोएडा का 57 दर्ज किया गया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पिछले दो दिन से हुई तेज बारिश के बाद शनिवार को सुबह से हुई तेज धूप ने हाल बेहाल कर दिया। 100 फीसदी आर्दता के साथ शनिवार जुलाई का सबसे उमस भरा दिन रहा। दिन भर धूप की आवाजाही लगी रही लेकिन जितनी देर भी धूप रही उतनी देर धूप में बहुत तेजी थी। ऐसे में लोगों को खुद को धूप से बचाते हुए बाहर निकलना पड़ा। ऐसे में अधिकतम तापमान 31.4 और न्यूनतम तापमान 25.9 दर्ज किया गया। शनिवार को बिल्कुल बारिश नहीं हुई लेकिन आज बारिश का येलो अलर्ट है ऐसे में तेज बारिश की संभावना दर्ज की जा रही है।
आईएमडी की ओर से जारी बारिश के पूर्वानुमान में अगले तीन दिन तक बारिश का येलो अलर्ट है। ऐसे में तीन दिन तक तेज बारिश होगी। इसके साथ ही तापमान में भी कमी दर्ज की जाएगी। बता दें कि शनिवार को हुई तेज धूप और गर्मी ने परेशान किया। हालांकि मौसम विभाग की ओर से हल्की बूंदाबांदी की आशंका जताई जा रही थी लेकिन बारिश नहीं हुई। शनिवार को 100 प्रतिशत आर्दता दर्ज की गई जो सामान्य से 40 प्रतिशत अधिक है। ऐसी उमस ने जून के महीने की गर्मी याद दिला दी। जून में ऐसी स्थिति बनी थी और जुलाई में रुक-रुककर बारिश के बीच मौसम बदलता रहा। ऐसे में उमस भी बढ़ी हालांकि 100 प्रतिशत दर्ज नहीं की गई। बारिश की वजह से इन दिनों नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा साफ श्रेणी में दर्ज की जा रही है। शनिवार को नोएडा का एक्यूआई 72 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 57 दर्ज किया गया।