सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कलाकेंद्र में मंगलवार को एक कार्यक्रम में पहुंचीं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास व कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने मंत्रालय की ओर से नोएडा में फैशन हब विकसित करने का आश्वासन दिया। इससे पहले उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर प्लास्टिक कचरे से बने विश्व के सबसे बड़े चरखे, पिंक शौचालय और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली गाड़ियों का उद्घाटन किया। इसके अलावा लोगों को कपड़े को ईको फ्रेंडली थैले वितरित किए।
प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने नोएडा में फैशन हब विकसित करने के लिए कपड़ा मंत्री से सहयोग की अपील की थी। प्राधिकरण का कहना है कि शहर में फैशन हब विकसित होना चाहिए। इससे नोएडा ही नहीं, बल्कि यूपी और पूरे देश में नाम रोशन हो सकेगा। साथ ही, रोजगार की संभावना भी बढ़ेगी। इस संबंध में कार्यक्रम में कपड़ा मंत्री ने शहर में फैशन हब विकसित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि नोएडा में एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट (ईपीसीएच) का काम है जो हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट करती है। इसी क्लस्टर में अपैरल डिजाइन और ईपीसीएच में डिजाइन सेंटर जो केवल हैंडीक्राफ्ट के लिए होगा के संबंध में जितनी मदद मांगी जाएगी। उतनी कपड़ा मंत्रालय से मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा में अपैरल का क्लस्टर बनने वाला है। उसमें पांच लाख लोगों को नौकरियां मिलेंगी। इसमें सात प्रतिशत महिलाएं होंगी। नोएडा यूपी का गेटवे है। यह गेटवे उन्नति और पर्यावरण के संरक्षण और महिला के सम्मान का साक्षी बने। ऐसा काम करना है।
इस मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह, नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर के चेयरमैन ललित ठुकराल उपस्थित रहे। प्राधिकरण की तरफ से ओएसडी अविनाश त्रिपाठी, जीएम राजीव त्यागी, जीएम केके अग्रवाल, डीजीएम एससी मिश्रा, प्रोजेक्ट इंजीनियर विजय रावल, नोएडा एंप्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार चौधरी के अलावा फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन, जनशक्ति सेवा समिति केअध्यक्ष रविकांत मिश्रा, डीडीआरडब्ल्यूए अध्यक्ष एनपी सिंह आदि मौजूद रहे।