फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूल बस में नर्सरी की छात्रा से दुष्कर्म, शिकायत के 15 दिन बाद तक स्कूल प्रबंधन ने नहीं की कार्रवाई

Fri, 26 Oct 2018 03:54 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
विज्ञापन

नोएडा के सफायर इंटरनेशनल स्कूल की बस में 3.5 साल की नर्सरी की छात्रा से दुष्कर्म (बैड टच) का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोपी चालक की स्कूल प्रबंधन से शिकायत की। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन 15 दिनों तक परिजनों को टरकाता रहा। विवश होकर परिजनों ने बच्ची का नाम कटवाकर दूसरे स्कूल में दाखिला करा लिया और सूरजपुर कोतवाली जाकर एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।  

विज्ञापन


सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाली बेटी 9 अक्तूबर को स्कूल गई थी। छुट्टी के समय मां के ड्यूटी पर जाने के कारण बच्ची के पिता उसे लेने गए थे। आरोप है कि स्कूल बस से उतरते ही बच्ची रोने लगी और उसने पिता को चालक के बैड टच करने की जानकारी दी। इसके बाद बच्ची ने रात को मां के ऑफिस से घर आने पर रोते हुए आपबीती सुनाई। अगले दिन परिजनों ने मामले की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी। आरोप है कि प्रबंधन ने मामले में आरोपी चालक पर कार्रवाई व एफआईआर कराने का आश्वासन दिया। कार्रवाई नहीं होने पर 23 अक्तूबर को परिजन फिर स्कूल गए और कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि प्रबंधन ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने बृहस्पतिवार को सूरजपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी। परिजन ने एफआईआर में स्कूल प्रबंधन पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।  

कक्षा अध्यापिका को व्हाट्स ऐप पर भेजी बच्ची की वीडियो 
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने मामले की पूरी की जानकारी देती हुई बच्ची की वीडियो बनाई। बच्ची ने यह कहते हुए फोन छीन लिया कि ‘भैया को मत बताना वह मुझे मारेंगे’। इसके बाद उन्होंने प्रिंसिपल को फोन किया और कक्षा अध्यापिका को व्हाट्स एप पर बच्ची की वीडियो भेजी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।  
विज्ञापन


चार फोटो देखकर बच्ची ने आरोपी चालक को पहचाना  
10 अक्तूबर को परिजन स्कूल पहुंचे। प्रिंसिपल ने चार फोटो दिखाए। इनमें से बच्ची ने आरोपी बस चालक को पहचान लिया। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की और टरकाते रहे। इसी बीच परिजन ने बच्ची का नाम स्कूल से कटाकर दूसरी जगह दाखिला करा दिया।  

घटना की तहरीर मिलते ही आईपीसी की धारा 376 ए व 376 बी के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। प्रबंधन की लापरवाही सामने आते ही तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।  - विनीत जायसवाल, एसपी देहात  

स्कूल प्रबंधन ने साधी चुप्पी, आरोपी ड्राइवर को हटाया 
इस मामले में सफायर स्कूल प्रबंधन कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। बार-बार कोशिश के बावजूद स्कूल के प्रबंधकों व शिक्षकों ने बात करने से इनकार कर दिया। हालांकि नाम नहीं छापने की शर्त पर एक स्टाफ ने बताया कि स्कूल प्रबंधक इस मामले में बहुत गंभीर है। पुलिस के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है साथ ही आरोपी ड्राइवर को भी हटा दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें