नोएडा पुलिस फर्जी कॉल सेंटर के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने मंगलवार रात को सेक्टर-63 के बी बलॉक में एक बिल्डिंग में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे कॉल सेंटर का खुलासा किया। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वहां फाइनेंस कंपनियों से लोन दिलवाने, एचपी की गैस कंपनी दिलवाने और हेल्थ इंश्योरेंस के नाम पर लोगों से ठगी की जाती थी। जालसाज इंटरनेट से लोगों का डाटा लेकर उनसे संपर्क करते थे और इसके एवज में एडवांस में कुछ रकम मंगाते थे।
बाद में ये जालसाज फर्जी लेटर हेड पीड़ितों के पास भेजकर झांसे में लेते थे और फिर दोबारा रकम लेते थे। इस गिरोह में शामिल कई अन्य आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों के निशाने पर ग्रामीण पृष्ठभूमि के लोग होते थे। नोएडा सेंट्रल के एसीपी प्रथम अमित प्रताप सिंह का कहना है कि कुछ दिन पहले एचपी गैस एजेंसी देने के नाम पर ठगी के एक शिकार ने पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस की टीम ने जांच की और कार्रवाई करते हुए फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया।