उद्योग मार्ग पर जाम से निपटने के लिए वन-वे का फॉर्मूला कामयाब नहीं हो सका। अब ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन का रास्ता अपनाया है। शुक्रवार से संदीप पेपर मिल व सेक्टर-6 पुलिस चौकी चौराहा कट जर्सी बैरियर लगाकर अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। यहां भी यू-टर्न की व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को ट्रैफिक पुलिस ने इससे संबंधित एडवाइजरी जारी की। संदीप पेपर मिल चौराहा कट बंद होने के बाद सेक्टर-1 टकसाल की तरफ से हरौला की ओर जाने वाले वाहनों को बायीं ओर मुड़कर यू-टर्न लेकर वापस आना होगा। आईओसी गोल चक्कर की ओर जाने वाले वाहनों को भी यहीं रास्ता अपनाना होगा।
इसी तरह हरौला की ओर से सेक्टर-1 टकसाल व झुंडपुरा की ओर जाने वाले वाहनों को भी बायीं ओर मुड़कर आगे से यू-टर्न लेकर वापस आना होगा। वहीं, सेक्टर-6 पुलिस चौकी चौराहा कट बंद होने के बाद वसुंधरा दिल्ली की ओर से सेक्टर-8 की तरफ वाहन सीधे आवागमन नहीं कर सकेंगे।
सेक्टर-8 व संदीप पेपर मिल की तरफ जाने के लिए बायीं ओर मुड़कर झुंडपुरा तिराहे की ओर जाकर यू-टर्न लेना होगा। इसी तरह सेक्टर-8 की ओर से वसुंधरा व झुंडपुरा की ओर जाने वाले वाहनों को भी बायीं ओर मुड़कर यू-टर्न लेकर वापस आना होगा।