लखनावली स्थित केंद्र में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सिपाही (ट्रेडमैन) की भर्ती के अभ्यर्थियों से मेडिकल फिट करने के नाम पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपये मांगे गए। पांच अभ्यर्थियों ने आईटीबीपी के अधिकारियों से इसकी शिकायत की। आईटीबीपी 39वीं वाहिनी के उप सेनानी डॉ. कौशल दत्त शर्मा ने सूरजपुर कोतवाली को आरोपियों के मोबाइल नंबर देकर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
डाॅ. शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 16 नवंबर से आईटीबीपी में सिपाही (ट्रेडमैन) की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा चल रही है। इसमें शिरकत करने वाले पांच अभ्यर्थियों वाराणसी से आए सतीश, दिल्ली से आए सचिन, कुलदीप सिंह, सहारनपुर के सागर और बांदा से आए प्रशांत ने शिकायत की है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि उनके और परिजन के मोबाइल पर दो अलग नंबर से कॉल की गई। आरोपियों ने मेडिकल फिट करने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये मांगे। एसीपी सुमित शुक्ला का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार होगी।
बीपी की शिकायत पर हुआ था चेकअप, मांगे थे अल्टरनेट नंबर
शिकायत करने वाले अभ्यर्थी सचिन कुमार ने बताया कि ब्लड प्रेशर हाई होने पर उनका परीक्षण किया गया। उस दौरान अस्पताल के एक कर्मी ने अल्टरनेट मोबाइल नंबर भी लिया। इसके बाद मां के नंबर पर कॉल कर रुपये मांगे गए। पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने अन्य लोगों को भी कॉल की है।
लिखित परीक्षा में भी पकड़ा गया था फर्जीवाड़ा
इससे पहले भी ग्रेनो में सीआईएसएफ के शिविर में भर्ती की लिखित और शारीरिक परीक्षा में फर्जीवाड़ा का मामला सामने आ चुका है। अभ्यर्थियों की जगह दूसरे आरोपी परीक्षा देने पहुंचे और जांच में पकड़े गए।