‘हैलो! मैं कश्मीर से बोल रहा हूं। कुछ समय पहले मुंबई में जो बम धमाका हुआ था उसे मैने ही अंजाम दिया था। अब एक बार फिर से मुंबई में बम धमाका होगा।’
सलारपुर निवासी श्याम शंकर के मोबाइल फोन पर आई कॉल में एक शख्स ने कुछ इसी अंदाज में उससे बात की। पहली बार तो श्याम शंकर ने इसे मजाक समझा लेकिन जब लगातार तीन कॉल आई तो वह डर गया।
उसने तत्काल 100 नंबर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। पीड़ित इस कदर घबरा गया है कि किसी से ठीक से बात भी नहीं कर पा रहा है। पुलिस के मुताबिक मूल रूप से प्रतापगढ़ निवासी श्याम शंकर फेज दो स्थित एक कंपनी में काम करता है। वह सलारपुर में किराये पर रहता है।
उसने यहां तक कहा कि उसी ने मुंबई में बम धमाके किए थे
रविवार को वह अपने घर पर था। दोपहर करीब एक बजे उसके मोबाइल फोन पर कॉल आई। मोबाइल पर दूसरी ओर से बात करने वाला शख्स अपने आप को आतंकी बता रहा था और बार-बार मुंबई को उड़ाने की धमकी दे रहा था।
उसने यहां तक कहा कि उसी ने मुंबई में बम धमाके किए थे और अब एक बार फिर से वह धमाका करने वाला है। श्याम ने मजाक समझकर फोन काट दिया। लेकिन उसके बाद फिर से उसी नंबर से फोन आया। फोन करने वाले फिर मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी दी।
जब श्याम के मोबाइल पर तीसरी कॉल आई तो उसने अपने भाई को फोन थमा दिया। उसके भाई ने जब उसका नाम पूछा तो फोन करने वाले ने अपना नाम अजय मल्होत्रा बताते हुए फोन काट दिया। इसके बाद श्याम ने 100 नंबर पर सूचना दी।
नंबर को लेकर आईबी ने भी जांच शुरू कर दी है
- फोटो : demo pic
पुलिस ने सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। पुलिसकर्मियों ने घटना की सूचना आला अधिकारियों को दी। आला अधिकारियों ने मामले की गंभीरता देखते हुए संबंधित नंबर की जांच कराने के लिए सर्विलांस टीम को लगा दिया है।
उधर, मुंबई पुलिस को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है। अधिकारियों की मानें तो नंबर को लेकर आईबी ने भी जांच शुरू कर दी है। उधर, श्याम और रवि ने सेक्टर-39 थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दे दी है।
मामले की जांच शुरू
100 नंबर पर एक व्यक्ति ने सूचना दी थी। उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। जिसके बाद सर्विलांस की टीम ने मोबाइल नंबर की जांच शुरू कर दी है। हो सकता है कि कोई व्यक्ति दूसरे को फंसाने के लिए ऐसा कर रहा हो।- लव कुमार एसएसपी गौतमबुद्घनगर