ग्रेटर नोएडा के गुलिस्तानपुर गांव में पालने में सो रही तीन माह की बच्ची का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। पिता काम पर गए थे और मां दूसरी बेटी को दवाई दिलाने मेडिकल स्टोर पर गई थी। मात्र 10 मिनट के अंतराल में बच्ची को अगवा कर लिया गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लगा।
मूलरूप से संभल जिले के छछैरा गांव निवासी आकाश तोमर गुलिस्तानपुर गांव में परिवार के साथ रहते हैं। आकाश ने बताया कि 27 अक्तूबर को कंपनी में ड्यूटी पर थे। घर में पत्नी यशोदा और तीन बच्चे थे। दोपहर को आकाश की दूसरे नंबर की बेटी को उल्टियां होने लगीं। इस पर यशोदा तीन माह की पूर्वी को पालने में सोते हुए छोड़कर बेटी को दवा दिलाने के लिए मेडिकल स्टोर पर ले गई। इस बीच बेटा भी मां के पीछे मेडिकल स्टोर पर चला आया। यशोदा जब घर लौटी तो पूर्वी पालने में नहीं थी। यशोदा ने आसपास पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। यशोदा ने पूर्वी के अपहरण की जानकारी अपने पति आकाश दी। आकाश घर पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी।
घटना के समय अधिकांश किराएदार नहीं थे मौजूद
आकाश ने बताया कि आसपास कई किराएदार रहते हैं, लेकिन घटना के दौरान अधिकांश दिवाली मनाने पैतृक गांव गए हुए थे। उन्हें एक व्यक्ति पर शक है जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने घटना के बाद आसपास के रास्तों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सूरजपुर पुलिस का कहना है कि घटना में किसी करीबी का हाथ हो सकता है। चंद मिनट में कोई अंजान व्यक्ति घर में घुसकर बच्ची को नहीं ले जा सकता।