सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर का 13 फरवरी को भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इस मौके पर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा भी होगी।
तीन दिवसीय समारोह में देश-विदेश के भक्त हिस्सा लेंगे। शनिवार को इस्कॉन पदाधिकारियों ने बताया कि सभी कार्यक्रम मंदिर के पास स्थित रामलीला मैदान में होंगे।
11-13 फरवरी तक महायज्ञ, श्रीभगवान का अभिषेक, विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा, महाआरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कृष्ण लीला आदि होंगे।
इस मंदिर का चक्र व ध्वज जगन्नाथपुरी, संगमरमर के मंडप राजस्थान से लाए गए हैं। रशियन कलाकारों द्वारा चित्रित 3डी डायरोमा आकर्षण का केंद्र होंगे। मंदिर में स्थापित किए जाने वाले कृष्ण-अर्जुन रथ को पद्मश्री मूर्तिकार राम वी सुतार ने बनाया है।
इस्कॉन के जोनल सेक्रेटरी लोकनाथ स्वामी महाराज ने कहा कि यह शहर का गोविंद धाम होगा। वहीं मंदिर के प्रेसिडेंट सच्चिदानंद दास ने कहा कि यहां लोगों को जीवन के लक्ष्य के बारे में बताया जाएगा। मंदिर के उद्घाटन का आमंत्रण देने के लिए शनिवार को एक शोभायात्रा भी निकाली गई।