जिला अस्पताल में शुक्रवार को एक परिवार को शव वाहन नहीं मिला तो दोस्त से मांगकर ऑटो में शव को रखकर लेकर जाना पड़ा। ये हाल तब है कि जिला अस्पताल को करीब सात महीने पहले शासन की तरफ से शव वाहन मिला था।
लेकिन ड्राइवर और बजट के अभाव के चलते अस्पताल में ही शव वाहन का इस्तेमाल नहीं हो रहा है। अब सीएमओ विभाग भी महीने के अंत में शव वाहन शुरू करने की बात बोल रहा है।
बता दें कि जिला अस्पताल में शुक्रवार को 22 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद परिजन शव घर लेकर जाने लगे। लेकिन अस्पताल में शव वाहन नहीं था।
मजबूरी में परिवार वालों ने बाहर से ऑटो मंगाया। परिजनों ने बताया कि अस्पताल में शव वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने किसी जानने वाले का ऑटो मंगाया। बाद में वह उसी में शव को घर लेकर गए।
सीएमएस डॉक्टर वंदना शर्मा ने बताया कि अस्पताल का शव वाहन ड्राइवर न होने की वजह से चल नहीं पा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बारे में सीएमओ डॉक्टर अनुराग भार्गव से भी बात की गई है। अब किसी एनजीओ की मदद से शव वाहन को चलाने की कोशिश की जाएगी। वहीं, सीएमओ का कहना है कि इस महीने के अंत तक शव वाहन की व्यवस्था हो जाएगी।