नोएडा में बीते 24 घंटे में जहां 55 लोगों ने करोना से जंग जीत ली, वहीं 63 और लोगों में सक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही मरीजों का आंकड़ा 1575 पहुंच गया है। अब तक 949 लोग कोरोना से ठीक होकर घर जा चुके हैं, वहीं फिलहाल 607 सक्रिय केस हैं।
संक्रमण से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि बीते 24 घंटे में एक भी नहीं है। कोरोना के बढ़ते मामलों से मरीजों के लिए अस्पताल एवं जरूरतों में भी तेजी से इजाफा हो रहा है।
एसीएमओ डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि कोरोना प्रसार को रोकने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं, जो नए मरीज मिले हैं, उनके निवास स्थानों और संपर्क स्थानों को सैनिटाइज किया जा रहा है। साथ ही जरूरी जगहों को कंटेनमेंट जोन बनाने के लिए प्रशासन को समय-समय पर संस्तुति भेजी जा रही है।
मरीजों के संपर्क में आने वालों की सही जानकारी के लिए उनसे पूछताछ के साथ ही तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। कोरोना संदिग्धों की जांच की प्रक्रिया को भी तेज किया जा रहा है। बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए नए अस्पतालों के निर्माण की प्रक्रिया भी तेज हो गई है।
जिले में अब 326 से घटकर 282 कंटेनमेंट जोन
जिस प्रकार संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है, उसी तरह मरीज भी ठीक होकर अपने घर जा रहे हैं। तीन दिन पहले 326 कंटेनमेंट जोन थे, लेकिन अब कंटेनमेंट जोन की संख्या घटकर 282 रह गई है। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम श्रेणी में 229 और द्वितीय श्रेणी में 53 कंटेनमेंट जोन शामिल किए गए हैं। इन कंटेनमेंट जोनों में नियमों का पालन कराने के लिए 282 नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।