पुलिस ने बंद की घोषणा को लेकर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की तैयारी कर ली है। पुलिस ने अफवाह रोकने व किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना के आदान प्रदान के लिए समाजसेवी, पत्रकार, अधिवक्ता व समाज के अन्य बुद्धिजीवियों को साथ लेकर व्हाट्स ऐप ग्रुप भी बना लिए हैं।
संगठनों ने दिया बंद को समर्थन
विश्व हिंदू बोर्ड, क्राइम फ्री इंडिया फोर्स, किसान विकास संगठन ने भारत बंद को समर्थन दिया है। विश्व हिंदू बोर्ड के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवराज स्वराज ने बैठक आयोजित कर इसके लिए कार्यकर्ताओं से वार्ता की और केंद्र सरकार पर दोगली नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को अवहेलना की जा रही है। इसके चलते वह एससीएसटी एक्ट के विरोध को लेकर बंद का समर्थन करते हैं। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यौराज सिंह रावल का कहना है कि सरकार द्वारा लाया गया अध्यादेश सरासर गलत है। वहीं, राष्ट्रीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष इकपाल सिवाच ने भी विरोध जताया।