नोएडा प्राधिकरण द्वारा किसानों की जमीन अधिग्रहण कर ली गई। उस दौरान लीज डीड के आधार पर यह व्यवस्था की गई कि आसपास के स्कूलों में उनके बच्चों का दाखिला सुनिश्चित कराया जाएगा।
स्कूलों में किसानों के बच्चों को 10 प्रतिशत सीटें देने की व्यवस्था थी। लेकिन स्कूल इस आदेश को नहीं मान रहे। शिकायत मिलने के बाद अब नोएडा प्राधिकरण ने ऐसे सभी स्कूलों को नोटिस भेजा है।
प्राधिकरण के ओएसडी राजेश सिंह ने बताया कि सेक्टर-132 के जेबीएम ग्लोबल स्कूल को अलग से नोटिस भेजा गया है। इसमें स्कूल पर आरोप है कि वह उन किसानों के बच्चों का दाखिला नहीं लेता, जिन्होंने वहां की जमीन प्राधिकरण को दी है।
उन्होंने बताया कि नोटिस में स्कूल से पूछा गया है कि पिछले वर्ष कितने किसानों के बच्चों का दाखिला लिया गया है। स्कूल को यह सूचना 10 जुलाई तक देनी होगी। इसके अलावा अपनी जमीन प्राधिकरण को दे चुके ऐसे किसानों के लिए स्कूलों ने क्या व्यवस्था की है, इसकी भी जानकारी देनी है। स्कूल की ओर से अगर तय समय पर सूचना नहीं दिया जाएगा तो दंडित करने की कार्रवाई की जाएगी।