भाजपा देश की लोकशाही को तानाशाही में परिवर्तित करने का षड्यंत्र कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये कहना कि भाजपा को दिया प्रत्येक वोट सीधा उन्हें मिलेगा, इस बात का सबूत है कि वे अपने आप को एक तानाशाह के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। बृहस्पतिवार को ये बातें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने पूर्वी दिल्ली इलाके में एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि पिछले पांच वर्षों के शासन काल में मौजूदा नेतृत्व ने प्रजातांत्रिक मूल्यों की अवहेलना करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। संवैधानिक संस्थाओं का संपूर्ण राजनीतिकरण करने के प्रयास लगातार जारी है। भावनात्मक मुद्दे रोज उछाले जा रहे हैं। सत्ता के स्वार्थ में देश की गंगा-जमुनी तहजीब को कलंकित किया जा रहा है। देश को हिंदू-मुसलमान में विभाजित करने वाली शक्तियों से सावधान रहें। आपत्तिजनक चुनावी भाषणों पर शीला दीक्षित ने शायराना अंदाज में कहा कि शायराना अंदाज में कहा ‘हम आह भी भरते है तो हो जाते हैं बदनाम! वो कत्ल भी करते हैं तो चर्चा नहीं होती!’
पहली से 12वीं तक मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा
प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 12वीं तक कि शिक्षा मुफ्त और अनिवार्य होगी। हर स्कूल में पर्याप्त बुनियाद सुविधाएं और योग्य शिक्षक रखे जाएंगे। स्वास्थ्य संबंधी कानून लागू करके चिकित्सा सुविधा में सुधार करेंगे। जिससे की कोई शिक्षा, स्वास्थ्य और सेहत से वंचित ना रहे।