कंगाली से जूझ रहे फरीदाबाद नगर निगम के कराधान विभाग के कर्मचारियों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है। एक सीनियर सिटीजन अपने मकान के पानी का बिल मीटर रीडिंग के हिसाब से जमा करना चाहते हैं लेकिन निगम कर्मचारी उनकी मीटर रीडिंग लेने को तैयार नहीं हैं।
हैरानी की बात यह है कि उक्त बुजुर्ग पिछले चार साल से निगम के चक्कर काट रहे हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब उसने एनआईटी जोन के संयुक्त आयुक्त भारत भूषण गोगिया से शिकायत की है। गोगिया ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
एनआईटी निवासी वीरभान कपूर का कहना है कि उन्होंने अपने मकान में पानी के लिए मीटर लगवा रखा है। मीटर चालू हालत में है। वह मीटर रीडिंग के हिसाब से पानी का बिल जमा करना चाहते हैं लेकिन निगम के कराधान विभाग का कोई कर्मचारी रीडिंग लेने को तैयार नहीं है।
उनका आरोप है कि वह पिछले चार साल से इसके लिए चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। इस बात की शिकायत कई बार पहले भी निगमायुक्त और संयुक्त आयुक्त से की जा चुकी है लेकिन निगमकर्मियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ।
कपूर का कहना है कि निगम कर्मी उनसे फ्लैट रेट पर पानी का बिल वसूलने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने संयुक्त आयुक्त भारत भूषण गोगिया को शिकायत देकर समस्या का समाधान करने की मांग की है।