सिंडीकेट बैंक में कैश खत्म होने पर शनिवार को लोगों ने जमकर हंगामा किया। बैंक के सामने मौजूद लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने सरकार से बैंकों को कैश उपलब्ध करवाने की मांग की। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस चौकी सिटी इंचार्ज राजकुमार ने लोगों को काफी देर तक समझाया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में एसबीआई ने सिंडीकेट बैंक को कैश उपलब्ध कराया, तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। बता दें कि नोटबंदी के बाद से बैंकों में कैश की काफी समस्या चल रही है।
शहर के भारतीय स्टेट बैंक में ही लोगों को सही ढंग से कैश मिल रहा है। वहीं अधिकांश बैंकों पर लोगों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। शनिवार को कर्मचारियों ने दस बजे सिंडीकेट बैंक खोला, लेकिन कैश के अभाव में उन्होंने बैंक बंद कर दिया।
इससे बैंक के बाहर लाइन में लगे लोगों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस चौकी सिटी इंचार्ज राजकुमार यादव ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। इसके बाद भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक कैलाश मीणा ने सिंडीकेट बैंक के अधिकारियों को दो लाख रुपये का कैश मुहैया करवाया।
तब कहीं जाकर बैंक के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि यह कैश दो घंटे बाद ही खत्म हो गया। इसके बाद लोगों को मायूसी का सामना करना पड़ा। बैंक के बाहर खडे़ सौरभ, रहीश, इलियास ने कहा कि सुबह से लाइन में खड़े रहने के बाद भी बैंक से अपने ही रुपये नहीं निकाल पा रहे हैं। वहीं अशरफी, रहमती और रोशनी ने कहा कि बैंक के अधिकारी जानबूझकर उन्हें परेशान कर रहे हैं।