निजामुद्दीन के मरकज में हुए जलसे में शिरकत करके आए लोगों की तलाश में देशभर के राज्यों की पुलिस जुटी हुई है। यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, तमिलनाडु सहित तमाम राज्यों की पुलिस दिल्ली पुलिस के लगातार संपर्क में है।
राज्यों की पुलिस को इसमें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, मरकज में रुकने वाले बहुत से लोगों ने रजिस्टर पर अपने नाम-पते गलत नोट कराए थे। इससे पुलिस को उनके घर का पता लगाने में परेशानी हो रही है। हालांकि पुलिस को कुछ लोगों के मोबाइल नंबर मिले हैं। उनकी कॉल डिटेल की मदद से कई को पकड़ा गया है।
इस मामले में केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों के डीजीपी से बात की है। मरकज से निकलकर गए लोगों की जानकारी जुटाकर उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने और डॉक्टरों की निगरानी में एकांतवास में रखने को कहा गया है। दिल्ली पुलिस की पांच टीमें पश्चिमी यूपी के कई जिलों में डेरा डाले हुए हैं।
उधर, यूपी पुलिस भी निजामुद्दीन मरकज से जुड़े लोगों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दूसरे राज्यों की पुलिस से लगातार संपर्क में हैं। क्राइम ब्रांच की कई टीमें मरकज से गए लोगों के घरों का रूट खंगाल रही हैं।