गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य को दिसंबर 2022 तक पूरा किया जाएगा। यह राजमार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 352 डब्ल्यू का हिस्सा है, इसकी लंबाई लगभग 46.11 किलोमीटर है। हालांकि, गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी मार्ग नारनौल से राजस्थान बॉर्डर तक बनाया जाएगा। इस मार्ग की गुरुग्राम से राजस्थान बॉर्डर तक लगभग 132 किलोमीटर लंबाई होगी और इस पूरे हाईवे पर लगभग 4500 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) इस हाईवे का निर्माण करेगा। गुरुग्राम से रेवाड़ी के बीच मार्ग में 99 कलवर्ट, 12 छोटे पुल, एक छोटे वाहनों एवं पैदल यात्रियों के लिए अंडरपास, वाहनों के 13 अंडरपास के अलावा दो फ्लाईओवर और एक आरओबी का निर्माण भी किया जाएगा। इस परियोजना के निर्माण पर 1524 करोड़ रुपये व्यय होंगे। इस योजना के तहत पटौदी में सात किलोमीटर लंबा बाईपास भी बनाया जाएगा।
गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग बनने के बाद यहां के लोगों को रेवाड़ी जाने के लिए सुगम मार्ग मिलेगा, वहीं झज्जर व रोहतक से भी जुड़ाव आसान हो सकेगा। इस मार्ग पर दो फ्लाईओवर, एक आरओबी, तीन इंटरचेंज सहित अनेक सुविधाएं होंगी। पटौदी क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पटौदी बाईपास के निर्माण का रास्ता भी मार्ग इस योजना के तहत साफ हो गया है। पटौदी बाईपास बनने के बाद पटौदी में लगने वाले जाम से क्षेत्र के लोगों को छुटकारा मिलेगा।