निर्भया केस अपडेटः पटियाला हाउस कोर्ट परिसर में हुआ हंगामा
निर्भया के दोषियों की फांसी टलवाने के लिए बृहस्पतिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान गुनहगारों के रिश्तेदार कोर्ट के बाहर फांसी का समर्थन कर रहे लोगों से भिड़ गए। मामला इतना गरमा गया कि दोषियों के रिश्तेदारों ने एक शख्स की पिटाई कर डाली।
दोषियों के रिश्तेदारों ने ेशख्स के कपड़े भी फाड़ डाले। इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने बीच बचाव करवाकर झगडे़ को समाप्त करवाया। इस बीच लोगों ने दोषियों के वकील एपी सिंह का भी विरोध किया। इस दौरान कोर्ट के बाहर जमकर हंगामा हुआ।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दोषियों की याचिका पर अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र राणा ने सुनवाई शुरू की। इस दौरान कोर्ट रूम में दोषियों और निर्भया के परिचितों का काफी भीड़ थी। इसके साथ ही काफी लोग अदालत के बाहर फैसले का इंतजार कर रहे थे।
सुनवाई शुरू होने के बाद दोषियों के वकील एपी सिंह कोर्ट पहुंचे। इस बीच कोर्ट के बाहर मौजूद कुछ लोगों ने एपी सिंह का विरोध किया और कहा कि जो मर्जी कर लो दोषियों को फांसी होकर ही रहेगी। इस पर दोषियों के रिश्तेदारों की उनसे बहस हो गई।