राजधानी में हुए निर्भया कांड के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर तमाम दावे किए गए, लेकिन पांच साल पूरे होने के बाद भी दिल्ली बिल्कुल नहीं बदली। आज भी महिलाओं के प्रति अपराधों में किसी प्रकार की कमी नहीं आई है।
ऐसे में दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। स्वाति ने ऐसा कानून बनाने की मांग की है, जिसमें कम से कम छोटी बच्चियों से बलात्कार के मामलों मेें 6 माह के अंदर अपराधी को सजा-ए-मौत मिले।
आज निर्भया कांड की पांचवीं बरसी है। ऐसे में महिलाओं की पीड़ा को आयोग की अध्यक्ष ने बखान किया है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्व में रेप कैपिटल के नाम से बदनाम है।
हाल ही में एनसीआरबी ने वर्ष 2016 के वार्षिक आंकड़े जारी किए हैं, जिसके अनुसार दिल्ली में बच्चों से दुष्कर्म के मामले बहुत बढ़ गए हैं। दिल्ली में हर दिन औसतन 3 बच्चियों के साथ बलात्कार हो रहा है।