अदालत के फैसले से निराश निर्भया के दोषी विनय की मां ने कहा कि अगर मुझे मौका मिलता तो मैं अपने बेटे को उसका मनपसंद भोजन पूरी, सब्जी और कचौड़ी खिलाती। उन्होंने कहा कि कई बार बेटे को पूरी, सब्जी और कचौड़ी खिलाने की कोशिश की, पर जेल प्रशासन ने कभी अनुमति नहीं दी।
निर्भया के दोषी विनय, पवन और मुकेश का परिवार आरके पुरम स्थित रविदास कैंप में रहता है। विनय की मां ने कहा कि समय तेजी से निकल रहा है और उनकी धड़कने भी बढ़ रही हैं। मैं चाहती हूं कि कोई मेरे बेटे की फांसी रोक दे और उसे एक मौका और दे, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। उनकी सारी उम्मीदें समाप्त हो रही हैं और धैर्य भी टूट रहा है। उन्होंने कहा कि सब ईश्वर की मर्जी है। अगर उनके बेटे को बचना होगा तो वह जरूर बचेगा।