कोरोना महामारी ने लोगों की सोच और संवेदना ही नहीं बदली, बल्कि उनका संपूर्ण जीवन बदल दिया है। दिलवालों की दिल्ली अब रात में शांत सी नजर आ रही है। देर रात तक बाजारों में रहने वाली चहल-पहल अब पूरी तरह से खामोश है। कोरोना काल से पहले रातभर चकाचौंध कर देने वाले बाजार व सड़कों पर अब सन्नाटा पसरा है। ऐसी ही हकीकत से रूबरू कराने के लिए अमर उजाला टीम ने मंगलवार रात व्यस्ततम इलाकों की बदली जिंदगी को जानने का प्रयास किया।
सड़कों पर रात 10 बजे के बाद दिखी रफ्तार
कोरोना संकट के कारण रात 10 बजे के बाद सड़कों पर हर तरफ सन्नाटा रहा, लेकिन सन्नाटे के बीच विकास मार्ग से लेकर आईटीओ तक कुछ कार सवार युवक रात 11:30 बजे रेस लगाते हुए नजर आए, जबकि यमुना ब्रिज पर पुलिस का बैरिकेड था, जिसके बाद वह फर्राटा भरते हुए रफ्तार का प्रदर्शन करते दिखे।
सायरन सुनकर गिरे दुुकानों के शटर
कड़कड़डूमा कोर्ट, निर्माण विहार, लक्ष्मी नगर, लाजपत नगर, मूलचंद, सराय काले खां पर दुुकानें देर रात के बाद भी खुली दिखीं। दुकानदार ग्राहकों के आने का इंतजार करते दिखे। काफी वक्त बीत जाने के बाद भी ग्राहक तो वहां नहीं पहुंचे, लेकिन पुलिस की जीप सायरन बजाती हुई जरूर आ गई। पुलिस को देखकर दुकानदारों ने भी आनन-फानन में शटर गिराने शुरू कर दिए, जबकि पान की दुकान चलाने वाले रात 12 बजे तक भी आधी शटर उठाकर सिगरेट और पान-मसाला बेचते रहे।
रात 12 बजे के बाद भी किन्नरों का जमावड़ा
दिल्ली की सड़कों पर अक्सर दिन के वक्त किन्नर कई चौराहों पर वाहन चालकों से रुपये मांगते नजर आ जाते हैं, लेकिन कोरोना काल के बीच अब वह देर रात तक मुख्य मार्गों पर खड़े होकर रुपये मांगते हैं। विकास मार्ग के ज्यादातर चौराहों पर रात 12 बजे के बाद भी किन्नरों का जमावड़ा दिखा, जो हर एक वाहन को रोकने का प्रयास कर रहे थे।
वीवीआईपी इलाकों में ही दिखी पुलिस की सख्ती
कोरोना के बीच रात के वक्त अपराध भी बढ़ रहा है, जिसके बाद पुलिस ने रात को सख्ती बरतने का दावा किया था। पुलिस की सख्त चेकिंग व्यवस्था लुटियंस दिल्ली में नजर आई। इंडिया गेट या विजय चौक की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर भी पुलिस बैरिकेड लगाकर वाहनों की चेकिंग करती दिखी। इसके अलावा लाजपत नगर, सरोजनी नगर, शांति पथ पर भी पुलिस की सख्त जांच से होकर ही गुजरना पड़ रहा था। वहीं इन इलाकों को छोड़ दें तो यमुना पार दिल्ली में केवल पुलिस की गश्त नजर आई। गीता कॉलोनी, शाहदरा सहित अन्य इलाकों में पुलिस सुस्त नजर आई।
विजय चौक पर दिखी रौनक
कोरोना की वजह से रेस्तरां व अन्य बाजार अब जल्दी बंद हो जाते हैं। नतीजतन दिल्ली वालों ने अपने मौज मस्ती की जगह विजय चौक और इंडिया गेट को बना लिया है। यहां पर रात 12 बजे तक लोगों की काफी संख्या में भीड़ नजर आई, जहां आइसक्रीम के कई ठेले खड़े थे। हर कोई इंडिया गेट मार्ग पर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर परिवार के साथ मस्ती करता हुआ नजर आया।
डिवाइडर किनारे खाना बनाते नजर आये
लक्ष्मी नगर में नाले के निर्माण का काम का चल रहा है, जहां कई मजदूर काम करने के बाद उसी इलाके में डिवाइडर पर रात 11 बजे के बाद खाना बनाते नजर आए। पास में जमीन पर पड़े उनके बच्चे खुले आसमां खाना बनने का इंतजार करते हुए दिखे। मजदूरों का कहना था कि कभी ऐसी शांत दिल्ली उन लोगों ने अपने जीवन में कभी नहीं देखी। अब तो रात 9 बजे के बाद ही पूरी तरह सन्नाटा हो जाता है।