राजधानी में कोरोना से बेहतर होते हालात को देखते हुए अब रात्रि कर्फ्यू लगाए जाने की संभावना नहीं है। सरकार के सूत्रों का कहना है कि कई दिनों से संक्रमण दर कम हो रही है। मामलों में भी कमी आ रही है। इसलिए सरकार फिलहाल कोई नई पाबंदी नहीं लगाएगी। हाईकोर्ट के पूछने पर दिल्ली सरकार ने कहा कि संक्रमण पर काबू पाने के लिए कुछ नई पाबंदियों पर विचार किया जा रहा है।
अदालत जानना चाहती थी कि क्या सरकार के पास रात या वीकेंड पर कर्फ्यू लगाने की कोई योजना है। इस पर दिल्ली सरकार की ओर से बताया गया था कि किसी तरह के कर्फ्यू पर अभी फैसला नहीं हुआ है ,लेकिन इस पर सक्रियता से बात हो रही है। अगर कोरोना के मामले बढ़ना जारी रहते हैं तो दिल्ली में कुछ पाबंदियां वापस लगाई जा सकती हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नई गाइडलाइंस में राज्यों को नाइट कर्फ्यू या वीकेंड पर पाबंदियां लगाने की छूट दी है लेकिन लॉकडाउन लागू करने से पहले अनुमति लेनी होगी।
बता दें कि दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राजधानी में पिछले 24 घंटों में 4006 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। वहीं, मंगलवार को 5036 लोगों डिस्चार्ज किया गया है। इसी के साथ 86 मौतें दर्ज की गई हैं। दिल्ली में अभी कुल पॉजिटिविटी रेट 9.05 प्रतिशत है। जबकि पिछले दस दिनों में मृत्यु दर 1.93 प्रतिशत दर्ज की गई है।
दिल्ली में मंगलवार को 58456 कोरोना जांच की गई हैं। इसमें 30297 आरटी-पीसीआर जांच और 28159 रैपिड एंटीजन जांच शामिल हैं। राजधानी में अब तक कुल 63,46, 521 कोरोना जांच की गई हैं। दिल्ली में अब तक कुल 5,74,380 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसमें से कुल 5,33,351 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से राजधानी में अब तक कुल 9,260 मौतें हुई हैं। दिल्ली में अभी कुल 31,769 सक्रिय मरीज हैं। इसमें से 19400 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। राजधानी में अभी कुल 5669 कंटेनमेंट जोन हैं।