अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस ने रोहिणी इलाके में एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.25 करोड़ रुपये मूल्य की 100 ग्राम से अधिक कोकीन बरामद की है। पहचान 42 वर्षीय पीस के रूप में हुई है, जो विकासपुरी की रहने वाली है। उसे रोहिणी सेक्टर-3 स्थित मछली बाजार के पास से गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि इलाके में सक्रिय एक मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता के संबंध में सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 31 मार्च को छापा मारकर संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 109.04 ग्राम कोकीन बरामद हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।