नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस ने अफ्रीकी मूल के लोगों को बेचने के लिए विदेशी ब्रांड की बीयर लेकर आई नाइजीरियन मूल की एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पुलिस ने 840 बीयर केन बरामद की हैं। वह इन्हें मुंबई से राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली लेकर आई थी। बरामद बीयर अफ्रीका में काफी मशहूर है। महिला इसे नाइजीरिया से मंगाकर मुंबई और दिल्ली में बेचती है। महिला का पति नाइजीरिया पुलिस में कार्यरत है।
पुलिस उपायुक्त हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान मरियम एडकवो (49) के रूप में हुई है। शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मुंबई से आई राजधानी एक्सप्रेस से नाइजीरिया मूल की एक महिला उतरी। उसके पास जूट के 12 बैग थे। शक होने पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने बैग को खोला तो उसमें बीयर की 840 केन मिली। पुलिस ने महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।
जांच में पता चला कि महिला शादीशुदा है और उसका पति नाइजीरिया पुलिस में तैनात है। उसके तीन बच्चे हैं। वर्ष 2011 से वह कपड़ा कारोबार के लिए भारत आई थी। अभी वह मुंबई में रह रही थी और भारत में रहने वाले अफ्रीकी मूल के लोगों के लिए बीयर सप्लाई कर रही थी। पुलिस ने बताया कि मुंबई से आने के दौरान स्केनर से सामान को गुजारा गया था। ज्यादा सामान होने पर टीटीई ने उसका चालान भी कर दिया था। ट्रेन में वह सामान को बाथरूम के पास रखकर आई थी। पुलिस महिला से पूछताछ कर पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है।