निहाल विहार इलाके में रोडरेज में एक नाइजीरियाई ने पैदल जा रहे युवक के गाल पर काट लिया। इसके बाद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। नाइजीरियाई ने युवक के गाल का एक हिस्सा उसके चेहरे से अलग कर दिया है। युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने नाइजीरियाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नाइजीरियाई महावीर एन्क्लेव निवासी बाओसीनूऊ है। जितेंद्र सिंह (22) निहाल विहार के चंदर विहार में माता-पिता और दो बहनों के साथ रहता है। जितेंद्र एक पैथ लैब कंपनी के लिए सेंपल कलेक्शन करता है। इन दिनों उसके घर में मरम्मत का काम चल रहा है। गत 9 जनवरी को वह होटल से खाना लेकर अपने दोस्त सुखविंदर के साथ घर जा रहा था। पीछे से आ रही एक स्कूटी ने उसे टक्कर मार दी। पैर में चोट लगने से जितेंद्र गिर गया। जितेंद्र ने स्कूटी चला रहे नाइजीरियाई को धीरे चलाने की नसीहत दी। इस पर नाइजीरियाई ने कहा-सुनी शुरू कर दी। आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान नाइजीरियाई ने जितेंद्र के गाल को दांत से काट लिया और मांस का टुकड़ा निकाल लिया।
इधर, घायल होने के बावजूद जितेंद्र ने स्कूटी की चाबी निकाल ली। नाइजीरियाई वहां से भागने की कोशिश करने लगा। लोगों ने पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसी बीच, बीट के पुलिसकर्मी पहुंच गए और आरोपी को थाने ले गए। जितेंद्र को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां डाक्टरों ने उसे प्लास्टिक सर्जरी करवाने की सलाह दी है। उधर, पुलिस हिरासत में आरोपी जमकर हंगामा करने लगा। जांच में पुलिस को पता चला कि उसके वीजा की अवधि खत्म हो चुकी है और वह भारत में अवैध रूप से रह रहा है। पुलिस ने जितेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।