इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली
- फोटो : NewDelhiAirPort
आईजीआई एयरपोर्ट पर हाथी दांत की तस्करी में लिप्त एक नाइजीरियन नागरिक को पकड़ा है। आरोपी की पहचान फ्रांसिस चिजमीफ इहियोमा के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके कब्जे से हाथी दांत बरामद किए हैं। जिसका वजन 275 ग्राम है।
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वह अपने देश से हाथी दांत लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौ मार्च की देर रात करीब एक बजे एक विदेशी युवक टर्मिनल तीन पर संदिग्ध हालत में घूम रहा था।
शक होने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान नाइजीरियाई नागरिक फ्रांसिस चिजमीफ इहियोमा के रूप में हुई। उसने बताया कि वह दोहा से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा है और यहां से उसे कतर जाने की लिए उड़ान पकड़नी थी। सुरक्षा कर्मियों ने उसके बैग की जांच की। एक्सरे मशीन पर बैग की जांच के दौरान सुरक्षा अधिकारियों को कुछ संदिग्ध वस्तु दिखी।
बैग की तलाशी लेने पर उसमें हाथी के दांत मिले। सुरक्षा कर्मियों ने इसकी जानकारी कस्टम, वन विभाग और दिल्ली पुलिस को दी। वन विभाग के अधिकारी की शिकायत पर आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आरोपी यात्री के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हाथी के दांत अफ्रीका से लेकर आया था। उसने बताया कि उसके देश में इसपर प्रतिबंध नहीं है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह किस मकसद से हाथी दांत लेकर घूम रहा था। आशंका है कि वह दांत को महंगे दाम पर बेचने के इरादे से आया था। पुलिस उससे पूछताछ कर जांच कर रही है।