राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने दिल्ली में सीवेज प्रदूषण के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया है। बिना शोधित सीवेज को नालों में छोड़े जाने के मामले में एनजीटी ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) से जवाब तलब किया है। अधिकरण ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए डीजेबी को फटकार लगाई है।
एनजीटी ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को मौके पर जाकर जांच करने का आदेश दिया। समिति को नालों के पानी के सैंपल लेकर उनकी जांच करानी होगी। एनजीटी ने डीजेबी से पूछा कि काम पूरा होने का दावा करने के बावजूद नालों में गंदा पानी कैसे बह रहा है। सुनवाई के दौरान तस्वीरें पेश की गईं। इनमें दावा किया गया कि पंत नगर और लाजपत नगर के ड्रेन नंबर-22 में अब भी बिना शोधित सीवेज बह रहा है।
हलफनामे पर सवाल
एनजीटी ने डीजेबी के चीफ इंजीनियर से जवाब मांगा है। उन्होंने 21 नवंबर को काम पूरा होने का हलफनामा दिया था। अधिकरण ने कहा कि यदि हलफनामे में दी गई जानकारी गलत पाई गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीजेबी को दो हफ्ते में नया हलफनामा दाखिल करना होगा। इसमें सीवेज शोधन संयंत्रों की असली स्थिति और देरी की वजह बतानी होगी। काम पूरा होने की नई तारीख भी देनी होगी।
परियोजनाओं और समय सीमा
एनजीटी ने उन कामों पर भी सवाल उठाया जिनके निविदा पहले एक साथ जारी हुए थे। बाद में उन्हें तीन-चार हिस्सों में बांटकर अलग-अलग कंपनियों को क्यों दिया गया, इस पर जवाब मांगा गया। डिफेंस कॉलोनी के पास लगाए जा रहे नैनो बबल्स प्लांट को लेकर भी डीजेबी से जानकारी मांगी गई है। बोर्ड को संयंत्र के शुरू होने और उसके फायदे बताने होंगे। दिल्ली के 22 नालों को साफ करने की समय सीमा बढ़ाई गई है। कई काम अब मार्च और जून 2027 तक पूरे होने की उम्मीद है। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) को भी डीजेबी के हलफनामे पर एक हफ्ते में जवाब देना होगा। मामले की अगली सुनवाई 22 दिसंबर को होगी।