नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने बुधवार को कांच लगे मांझे के प्रयोग पर रोक पूरे देश में रोक लगा दी है। इसमें चीनी मांझा भी शामिल है। हालांकि ट्रिब्यूनल ने मांझे की बिक्री और प्रयोग पर अभी अंतरिम रोक लगाई है।
एनजीटी में सुनवाई के दौरान मांझा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने तर्क रखा कि यह मांझा पूरी तरह बायो डिग्रेबल है। कोर्ट ने मांझे पर अंतरिम रोक लगाते हुए एसोसिएशन को अपना पक्ष रखने तक अंतिम फैसला देने से इनकार कर दिया। मामले की अगली सुनवाई एक जनवरी 2017 को होगी।
कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि आने वाला समय त्यौहारों का है और इसमें मांझे का प्रयोग बढ़ने की संभावना है जिससे दुर्घटनाएं बढ़ सकती हैं ऐसे में इसे प्रतिबंधित किया जाना जरूरी है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल कर मांग की गई थी कि देश भर में नायलॉन, सिंथेटिक या कांच कोटेड मांझे की बिक्री पर रोक लगनी चाहिए। इसे ही आम भाषा में चायनीज मांझा भी कहते हैं।