संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन।
उपमंडल के गांव मानपुर निवासी नवप्रसूता महिला एवं नवजात बच्चे की मौत हो गई। मृतका आरती एवं उसके नवजात बच्चे की मौत नूँह जिला के शिकरावा स्थित एक अवैध क्लिनिक में हुई। सूचना पर जिला की सिविल सर्जन सतेंदर वशिष्ठ ने पीएमओ डॉक्टर संजय शर्मा के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की। टीम में नूंह जिला के डॉक्टर पंकज एवं अन्य स्टाफ को साथ लिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक जिस समय टीम ने छापा मारा। उस समय मृतका नवप्रसूता एवं बच्चे के शव को भूसा में छिपा रखा था। टीम ने भूसे से दोनों की लाशें निकलवाई। इसके बाद संबंधित क्लीनिक की जांच की। जांच के दौरान मेडिकल उपकरण एवं अन्य दवाइयां मिली। इसके बाद इस संबंध में नूंह जिला के पिनगवां में केस दर्ज कराया गया है। जानकारी के अनुसार 10 जुलाई को आरती का पति सूरज प्रसव पीड़ा होने पर उसको शिकरावा स्थित क्लिनिक पर लाया था। 11 जुलाई को आरती एवं उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। पीएमओ डॉक्टर संजय शर्मा ने बताया कि आरती एवं उसके बच्चे की मौत संबंधित क्लिनिक के स्टाफ की लापरवाही से हुई।