संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। मोहम्मदपुर अहीर थाना क्षेत्र के गांव बिस्सर अकबरपुर में स्थित एक बहुमूल्य कृषि भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। पीड़ित कन्हैयालाल जैन की शिकायत पर डीएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने अवैध कब्जे के प्रयास, ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश करने और धमकी देने के आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार दिल्ली निवासी कन्हैयालाल जैन ने वर्ष 1990 में गांव बिस्सर अकबरपुर निवासी रामस्वरूप से लगभग 73 कनाल 3 मरला कृषि भूमि का एग्रीमेंट किया था।उन्होंने भूमि की पूरी कीमत अदा कर उसका कब्जा प्राप्त किया था तथा बाद में जमीन के चारों ओर चारदीवारी और मुख्य गेट भी लगवाया था। उनका दावा है कि तब से वह लगातार उक्त भूमि पर खेती कर रहे हैं और वहां वृक्षारोपण भी किया गया है। आरोप है कि गत 1 जुलाई की शाम हंसराज, दिनेश और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे और फार्म मैनेजर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान-माल की धमकी दी। उन्होंने गेट पर लगे ताले को तोड़कर परिसर में जबरन प्रवेश किया और बाद में अपना ताला भी लगा दिया। पीड़ित ने इसे उनकी संपत्ति पर अवैध कब्जे का प्रयास बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले की जांच के दौरान पुलिस अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस भूमि की कीमत करोड़ों रुपये में है और इसका बाजार मूल्य 100 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है। वहीं क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।