रेलवे ने लखनऊ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच एक नई वातानुकूलित एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा नई दिल्ली-मोगा शताब्दी एक्सप्रेस को जींद स्टेशन पर भी ठहराव देने का निर्णय लिया है।
एक अन्य निर्णय में रेलवे ने दिल्ली-चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव पानीपत स्टेशन से खत्म करने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 22121/22122 अगले महीने के 8 अप्रैल से चलेगी। इस ट्रेन के लिए आरक्षण प्रणाली की शुरुआत कर दी गई है।
ट्रेन संख्या 22121 लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुम्बई से लखनऊ के लिए 8 अप्रैल से प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर चलेगी और अगले दिन दोपहर 1.45 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 22122 लखनऊ से लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई के लिए 9 अप्रैल से प्रत्येक रविवार को चलेगी। लखनऊ से यह ट्रेन शाम 4:20 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 5.30 बजे मुंबई पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में ठाणे, कल्याण, नासिक, जलगांव, भुसावल, हबीबगंज, झांसी, ऊरई व कानपुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।