शकूर बस्ती सीमेंट साइट पर झुग्गी तोड़ने के दौरान एक बच्ची की कथित मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया। बच्ची के परिजनों ने पुलिस को बयान दिया है कि तोड़फोड़ से पहले झुग्गी से सामान निकालने के दौरान सामान से भरी एक गठरी के नीचे दबने से उसकी मौत हुई है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची के शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। शकूर बस्ती सीमेंट साइट पर रेलवे की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक बच्ची की मौत के बाद दिल्ली सरकार और रेलवे आमने सामने आ गई।
दिल्ली सरकार ने रेलवे के कार्रवाई को गलत बताते हुए उसपर मामला दर्ज करवाने की बात कही है। वहीं रेलवे की ओर से यह स्पष्टीकरण दिया गया कि उनकी कार्रवाई से पूर्व ही बच्ची की मौत हो गई थी।
वहीं, पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि बच्ची के परिजनों ने बयान दिया है। इसमें उन लोगों ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने घरों से सामान निकाल रहे थे।