रक्षाबंधन पर बहनों के अपने भाइयों के पास पहुंचने की जल्दी, परिवारों का मिलने का उत्साह और बारिश के कारण सड़क यातायात में परेशानी इन तीनों कारणों ने इस बार मेट्रो को लोगों की पहली पसंद बना दिया। दोपहर बाद अमूमन खाली चलने वाली मेट्रो की बोगियां भी यात्रियों से खचाखच भर गईं। सबसे ज्यादा दबाव राजीव चौक, हौज खास और कालकाजी जैसे इंटरचेंज स्टेशनों पर देखने को मिला।
भीड़ को संभालने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने आठ अगस्त को 92 अतिरिक्त फेरे चलाए जबकि अगले दिन यानी नौ अगस्त को यह संख्या 455 कर दी गई। प्लेटफॉर्म से लेकर स्टेशन परिसर तक सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई गई ताकि यात्रियों की आवाजाही में बाधा न आए।