फरीदाबाद नगर निगम द्वारा शहर में प्रस्तावित स्लॉटर हाउस बनाने की योजना अधर में लटकती जा रही है। स्लॉटर हाउस के लिए इंजीनियरिंग विभाग ने एक बार फिर तहसीलदार को पत्र लिखकर नई जगह तलाशने को कहा है।
बता दें कि पिछले दिनों झाड़सेतली के पास खाली जमीन पर नगर निगम ने स्लॉटर हाउस बनाने की योजना तैयार की थी, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के कारण ये कार्ययोजना परवान नहीं चढ़ पाई।
निगम अब गुरुग्राम रोड स्थित भांखरी गांव के पास जमीन तलाश रहा है। नगर निगम वर्ष 2014 में स्लॉटर हाउस बनाने की योजना तैयार की थी। इसके लिए वर्ष 2016 में निगम ने झाड़सेतली गांव के पास जमीन की तलाश भी कर ली थी।
उसका टेंडर भी जारी हो चुका था, लेकिन स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। ऐसे में काम रोक दिया गया। अब निगम फिर से नई जगह तलाश कर रहा है। निगम के मुख्य अभियंता ओपी गोयल का कहना है कि स्लॉटर हाउस बनाने के लिए निगम प्रयास कर रहा है। जल्द ही कार्य शुरू हो सकता है।