माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रोफेसर केजी सुरेश ने कहा कि नई शिक्षा नीति राष्ट्र के उत्थान की बुनियाद का सबसे महत्वपूर्ण और मजबूत पत्थर सिद्ध होगी। प्रो. केजी सुरेश ने सोमवार को नोएडा परिसर का दौरा किया।
परिसर प्रभारी डॉ मीता उज्जैन सहित शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। कुलपति ने परिसर का निरीक्षण किया और मौजूदा गतिविधियों की जानकारी ली। मालूम हो कि 16 सितंबर, 2020 को प्रोफेसर केजी सुरेश ने भोपाल में विश्वविद्यालय के कुलपति का प्रभार ग्रहण किया था।
प्रो. केजी सुरेश का विश्वविद्यालय के नोएडा परिसर से आत्मीय लगाव रहा है। उन्होंने परिसर में एडजंक्ट प्रोफसर के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। परिसर की स्थापना के साथ ही अतिथि प्राध्यापक के रूप विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते रहे हैं।
स्कूल ऑफ माडर्न मीडिया, युनिवर्सिटी आफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज, देहरादून के संस्थापक डीन रह चुके प्रोफेसर सुरेश भारतीय जनसंचार संस्थान के निदेशक रहे हैं। उन्होंने डीडी न्यूज में वरिष्ठ संपादकीय सलाहकार, एशियानेट न्यूज नेटवर्क में संपादकीय सलाहकार और प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया में मुख्य राजनीतिक संवाददाता रह चुके हैं।
हिन्दी पत्रकारिता एवं जनसंचार में उत्कृष्ठ योगदान के लिए प्रतिष्ठित गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार के लिए चयनित प्रोफेसर सुरेष जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय सहित कई विश्वविद्यालय और संस्थानों की अकादेमिक परिषदों और चयन समितियों के सदस्य हैं।
प्रो. केजी सुरेश के दौरे से परिसर सहित पूरे विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल है। कुलपति श्री सुरेश ने कार्यभार संभालते ही विश्वविद्यालय संभालते ही भोपाल स्थित नवनिर्मित परिसर में सामुदायिक रेडियो केंद्र शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य विश्वविद्यालय को शिक्षण, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।