-ड्रेस कोड के साथ ही स्मोक फ्री कैंपस और स्वच्छता का भी रखना होगा ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध सेंट स्टीफंस कॉलेज ने नए सत्र की शुरुआत के साथ नए छात्रों के लिए नया ड्रेस कोड लागू कर दिया है। कॉलेज प्रशासन ने छात्रों के परिसर में कक्षाओं, ट्यूटोरियल कक्ष, प्रयोगशालाओं, चैपल, असेंबली हॉल, पुस्तकालय और डाइनिंग हॉल में शॉर्ट्स पहनकर आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्मोक फ्री परिसर, स्वच्छता और आईडी कार्ड अनिवार्य रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्राचार्य प्रो. सुसेन एलियास की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
इस ड्रेस कोड को लेकर छात्रों ने आपत्ति उठानी शुरू कर दी है। उनका आरोप है कि कॉलेज उनके पसंद के कपड़े पहनने में हस्तक्षेप कर रहा है। कुछ इसे मोरल पुलिसिंग बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि इस नियम से खिलाड़ी प्रभावित होंगे, क्योंकि वे शॉर्ट्स में ही प्रैक्टिस के लिए आते हैं।
निर्देशों में कहा गया है कि स्मोक फ्री परिसर के उल्लंघन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। छात्रों को कूड़ा केवल कूड़ेदान में डालने और परिसर की सफाई में सहयोग करने को कहा गया है। सभी के लिए हर समय वैध कॉलेज आईडी कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा और प्रशासन किसी भी समय जांच कर सकता है।
एनएसयूआई ने की आपत्ति
एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कालेज के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि यह छात्रों की निजी स्वतंत्रता व संवैधानिक अधिकारों पर हमला है। हर नागरिक को भारत का संविधान यह इजाजत देता है कि वह क्या पहनें, क्या खाएं और क्या बोलें। शिक्षण संस्थानों को छात्रों में आलोचनात्मक सोच विकसित करनी चाहिए, न कि इस तरह का अनावश्यक प्रतिबंध थोपना चाहिए।