डीसीपी डॉ. ईश सिंघल
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना को मात देकर नई दिल्ली के डीसीपी डॉ. ईश सिंघल सोमवार को ड्यूटी पर लौट आए। नई दिल्ली जिला कार्यालय में पुलिस अधिकारियों ने फूल मालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। डीसीपी डॉ. ईश सिंघल का कहना है कि वह कोरोना से बिल्कुल डरे नहीं, डॉक्टर की सलाह पर दवाइयां लेते रहे और व्यायाम करते रहे।
डॉ. ईश सिंघल को 16 जून को बुखार हुआ था। बुखार आने के बाद उन्होंने 17 जून को टेस्ट कराया। 19 जून को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से ही वह घर पर क्वारंटीन रहे थे।
डॉक्टर की सलाह पर वह समय पर दवाइयां लेते रहे। इसके बाद उन्होंने 29 जून को फिर कोरोना टेस्ट कराया और 30 जून को उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। पूरी तरह ठीक होने के बाद डॉ. ईश सिंघल ने सोमवार को ड्यूटी ज्वाइन कर ली।
वह संसद मार्ग स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। यहां पर नई दिल्ली जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीपक यादव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।