राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में दूसरा हवाईअड्डा बनाने के प्रस्ताव का रास्ता साफ करने संबंधी नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री महेश शर्मा की घोषणा के एक सप्ताह बाद नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू ने मंजूरी की पुष्टि करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा कि दूसरे हवाईअड्डे के मसले पर राज्य और केंद्र सरकार को मिल कर बात करनी होगी। राजू इस मसले पर पूछे गए सवालों का सीधा जवाब देने से बचते रहे कि महेश शर्मा ने एनसीआर में दूसरा हवाईअड्डा बनाने के प्रस्ताव को मंत्रालय से मंजूरी मिलने की घोषणा की थी।
शर्मा ने इस बात के संकेत दिए थे कि नया हवाईअड्डा यूपी के जेवर में बन सकता है। जेवर उनके संसदीय क्षेत्र गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत आता है।
बार-बार यह पूछे जाने पर कि क्या मंत्रालय ने दूसरे हवाईअड्डे की परियोजना को हरी झंडी दे दी है, राजू ने कहा, ‘नया हवाईअड्डा बनाने के लिए राज्य और केंद्र सरकार दोनों को मिलकर बात करनी होती है’।