-शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को विशेष तैयारी के दिए निर्देश
-छात्रों के स्वागत, स्वच्छता, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर रहेगा विशेष जोर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली के स्कूलों में आज (एक अप्रैल) से शैक्षणिक सत्र 2026-27 का आगाज होगा। शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए स्कूलों को विशेष तैयारी के निर्देश दिए हैं। सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों को सुरक्षित, व्यवस्थित और प्रेरणादायक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा निदेशालय के अनुसार परीक्षाओं के बाद छात्र स्कूल लौटेंगे वहीं नए छात्र भी कक्षाओं में आएंगे। ऐसे में स्कूलों को विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि छात्रों को सहज और सकारात्मक माहौल मिले, जिससे वे नए शैक्षणिक वातावरण में आसानी से ढल सकें। शिक्षा निदेशक वेदिता रेड्डी की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि स्कूल शुरुआती दिनों में छात्रों के साथ परिचयात्मक एवं संवादात्मक सत्र आयोजित करें। इन सत्रों के माध्यम से छात्रों की रुचियों, आकांक्षाओं और प्रतिभाओं को समझते हुए एक सहज कक्षा का वातावरण बनाया जाए। साथ ही अभिभावकों से भी संवाद बनाने को कहा गया है जिससे कि उनकी अपेक्षाओं का पता चल सके।