पिछले 24 घंटे में नेपाल के लिए कोई नई बुकिंग नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नेपाल के कई हिस्सों में बाढ़ और खराब मौसम के मद्देनजर दिल्ली के टैक्सी व टूर ऑपरेटरों ने पर्यटकों से फिलहाल नेपाल यात्रा टालने की अपील की है। खासकर काठमांडू और पोखरा जाने वाले यात्रियों को मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
टूर ऑपरेटरों के अनुसार, त्रासदी के बाद नेपाल की अधिकतर बुकिंग रद्द करवाई जा रही हैं। पिछले 24 घंटे में नेपाल के लिए कोई नई बुकिंग नहीं आई है। ऑपरेटर स्वयं भी पर्यटकों को नेपाल जाने से बचने की सलाह दे रहे हैं।
दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट ने बताया कि उन्होंने नेपाल यात्रा की बुकिंग स्थगित कर दी है। लोग फोन कर मौसम और यात्रा की स्थिति के बारे में पूछ रहे हैं।
दलजीत ट्रैवल्स के जसवंत सिंह ने कहा कि अधिकतर बुकिंग रद्द हो चुकी हैं। उन्होंने पर्यटकों से जल्दबाजी में नेपाल न जाने और मौसम सामान्य होने का इंतजार करने की अपील की। उन्होंने अक्तूबर को यात्रा के लिए बेहतर बताया।